FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयीज) के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने कहा कि डेली वेज वर्करो को दान देने और उनकी मदद करने के लिए YRF से पूछताछ हुई है।

यशराज फिल्म्स (YRF) ने राष्ट्रीय लॉक डाउन के मद्देनजर फिल्म उद्योग के डेली वेज वर्करो का समर्थन करने का संकल्प लिया है।

कोरोनावायरस के संक्रमण के चलते देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन किया गया है। इसके चलते विभिन्न क्षेत्रों के डेली वर्कर्स मुश्किल में आ गए हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं है। हालांकि, इन वर्कर्स की मुश्किल को कम करने के लिए इंडस्ट्री के सितारे लगातार मदद कर रहे हैं। इंडस्ट्री के सबसे पुराने और मशहूर स्टूडियो यशराज फिल्म्स ने डेलीवेज वर्कर्स के लिए 1.5 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है।

यशराज स्टूडियो सिटिंग डिपार्टमेंट, कारपेंटर्स, लाइटिंग, जूनियर आर्टिस्ट, स्पॉट से जुड़े वर्कर्स के लिए डेढ़ करोड़ की रकम देगा, ताकि उन्हें कोई दिक्कत ना आए। इसके लिए यशराज बैनर हजारों डेली वेज वर्कर्स और उनके परिवारों तक जा रहा है, ताकि उनकी जरूरतें पूरी हों और उन्हें आर्थिक मुश्किलों का सामना ना करना पड़े।

इस बीच, अजय देवगन ने FWICE के 5 लाख सिने कर्मचारियों के लाभ के लिए 51 लाख रुपये का डोनेशन दिया है। इससे पहले, सुपरस्टार सलमान खान ने फिल्म उद्योग में 25,000 मजदूरों को आर्थिक रूप से समर्थन देने का वादा किया था, जबकि फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने फेडरेशन को 51 लाख रुपये का डोनेशन दिया था।